अयोध्या से दुनिया तक: दीपावली का असली मतलब जो आपने कभी नहीं सुना

दीपावली 2025 में घरों में जलते दीपक और लक्ष्मी-गणेश पूजा
अयोध्या और घरों में दीप जलाकर लक्ष्मी और गणेश की पूजा करते लोग

हर साल आने वाली दीपावली सिर्फ रोशनी का नहीं, बल्कि खुशी, आस्था और समृद्धि का त्योहार है. यह दिन हर घर को उजाला देता है और दिलों में नई उम्मीद जगाता है. लेकिन क्या आपने सोचा है कि हम दीपावली क्यों मनाते हैं? इसके पीछे कई दिलचस्प धार्मिक और सांस्कृतिक कहानियां हैं.

श्रीराम की अयोध्या वापसी से शुरू हुई परंपरा

वाल्मीकि रामायण के अनुसार, जब भगवान श्रीराम 14 साल के वनवास और रावण वध के बाद अयोध्या लौटे, तो पूरा शहर दीपों से जगमगा उठा. लोगों ने अमावस्या की रात को अपने घरों में दीप जलाकर उनका स्वागत किया. तब से दीप जलाने की यह परंपरा चली आ रही है. यह त्योहार बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक बन गया.

यह भी पढ़ें – छोटी सी पोटली, बड़ा फायदा! जानें कैसे लाएगी धनतेरस पर धन और समृद्धि


लक्ष्मी पूजा: धन और विवेक का संगम

दीपावली को सिर्फ श्रीराम की विजय का दिन नहीं, बल्कि देवी लक्ष्मी के प्रकट होने का भी दिन माना जाता है. पद्म पुराण के अनुसार, इसी दिन समुद्र मंथन से देवी लक्ष्मी का जन्म हुआ था. इसलिए यह दिन धन और समृद्धि की पूजा के लिए शुभ माना जाता है. इस दिन लोग घरों की सफाई करते हैं, दरवाजों पर सुंदर तोरण और रंगोली बनाते हैं. शाम को दीप जलाकर लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा करते हैं. गणेश जी बुद्धि के देवता हैं और लक्ष्मी माता धन की देवी यह पूजा बताती है कि जब धन विवेक और धर्म के साथ जुड़ा हो, तभी वह शुभ और स्थायी होता है.


पांच दिनों का त्योहार, हर दिन खास

दीपावली केवल एक दिन का नहीं, बल्कि पांच दिनों का त्योहार है. हर दिन का अपना महत्व और कहानी है. पहला दिन धनतेरस कहलाता है. इस दिन भगवान धनवंतरी समुद्र मंथन से प्रकट हुए थे. लोग सोना, चांदी या बर्तन खरीदते हैं ताकि घर में लक्ष्मी का आगमन हो.

दूसरा दिन छोटी दिवाली या नरक चतुर्दशी कहा जाता है. इस दिन भगवान कृष्ण ने नरकासुर राक्षस का वध किया था. यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. तीसरा दिन लक्ष्मी पूजा का होता है. अमावस्या की रात में लोग लक्ष्मी माता का स्वागत करते हैं. ऐसा माना जाता है कि स्वच्छ और रोशनी से भरे घरों में देवी लक्ष्मी का वास होता है.

चौथा दिन गोवर्धन पूजा का होता है. इस दिन भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र देव के अहंकार को खत्म किया था. यह प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है. पांचवां दिन भाई दूज का होता है. यह दिन भाई-बहन के रिश्ते और प्यार का प्रतीक है. बहन अपने भाई की लंबी उम्र और सुख की कामना करती है.

यह भी पढ़ें – छोटी सी पोटली, बड़ा फायदा! जानें कैसे लाएगी धनतेरस पर धन और समृद्धि


दीपावली का वैज्ञानिक और विश्व महत्व

दीपावली के धार्मिक महत्व के साथ-साथ वैज्ञानिक कारण भी हैं. यह त्योहार उस समय आता है जब मौसम बदलता है और वातावरण में नमी बढ़ती है. दीपक की लौ हवा में पॉजिटिव एनर्जी फैलाती है और वातावरण को शुद्ध करती है. तिल या घी से जलने वाले दीपक की रोशनी मन को शांति देती है. दीपक देखने से मन में सुकून आता है और तनाव कम होता है. इसीलिए कहा गया है  “जहां दीप जलता है, वहां डर नहीं रहता.” आज दीपावली सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में मनाई जाती है. 

नेपाल में इसे तिहार, श्रीलंका में दीपोत्सव और थाईलैंड में लॉय क्रथोंग के नाम से जाना जाता है. 2024 में अयोध्या ने 22 लाख दीप जलाकर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया था. यह सिर्फ रोशनी का नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और एकता का उत्सव है. दीपावली हमें सिखाती है कि अंधकार चाहे कितना भी गहरा क्यों न हो, एक दीपक की लौ उसे मिटा सकती है. यही दीपावली का असली संदेश है  रोशनी सिर्फ दीवारों पर नहीं, विचारों में भी जलनी चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *